KCG

खैरागढ़ में जीर्ण-शीर्ण 22 मंदिरों के उद्धार के लिये 1 करोड़ 9 लाख की स्वीकृति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश में भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार ने धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 22 मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस निर्णय से ग्रामीण अंचलों में उत्साह का माहौल है और लंबे समय से उपेक्षित मंदिरों के पुनरुद्धार का मार्ग प्रशस्त हुआ है। योजना के तहत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित शीतला मंदिर राम मंदिर महामाया मंदिर और शिव मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। अधिकांश मंदिरों के लिए लगभग 4.98 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है जिससे आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के साथ साथ सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे। स्वीकृत कार्यों में सिंगारपुर पंचायत के शीतला मंदिर और राम मंदिर, बेलगांव के शीतला मंदिर एवं बुढ़ादेव मंदिर, उर्तुली पंचायत के शीतला मंदिर, चंपाटोला, झुमरकोना और भेण्डरा के मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा कानीमेरा, कुटेलीकला, लंझियाटोला, बघमर्रा, देवपुरा-गंडई, कोहलाटोला, गढ़बंजा स्थित महामाया मंदिर, खैरानवापारा का लोधेश्वर मंदिर, गातापार का महादेव मंदिर, जीराटोला का चोडराधाम, गोलरडीह का बंजारी मंदिर, कोड़का और मजगांव के मंदिरों को भी योजना में सम्मिलित किया गया है। जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि इस निर्णय से धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। भाजपा के जिला अध्यक्ष बिशेषर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा व हेमलता मंडावी, जनपद अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश जंघेल तथा उपाध्यक्ष राजू जंघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल और सांसद संतोष पांडे के प्रति आभार व्यक्त किया है। खैरागढ़ क्षेत्र में मंदिरों के जीर्णोद्धार से धार्मिक आस्था को बल मिलेगा और स्थानीय स्तर पर संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page