खैरागढ़ पॉलिटेक्निक में नवाचारों पर मार्गदर्शन हेतु कार्यशाला आयोजित

खैरागढ़। शासकीय पॉलीटेक्निक खैरागढ़ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवाचारों पर मार्गदर्शन विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नवाचार, तकनीकी ज्ञान, उद्यमिता तथा विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और संभावनाओं से अवगत कराना था। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विषय विशेषज्ञों का परिचय एवं स्वागत किया गया। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने नवाचार से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए प्रतिभागियों को नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र खैरागढ़ के महाप्रबंधक एवं सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के नोडल अधिकारी प्रणय बघेल ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतियोगिता की प्रक्रिया, पंजीयन, विभिन्न सेक्टर, पात्रता एवं पुरस्कार सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया। डॉ.साजी चाको विभागाध्यक्ष एवं सहायक कुलसचिव छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई ने नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उद्योगों के साथ जुड़कर कार्य करने की संभावनाओं तथा नवाचार के व्यावहारिक उपयोग के संबंध में प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। इसी क्रम में संस्था के हितेश बरडिया, व्याख्याता, ईटी एंड टी विभाग तथा लीलाधर वर्मा एवं जनक कुमार व्याख्याता मेटलर्जी विभाग ने अपने-अपने विषय एवं विभाग से संबंधित नवाचार की संभावनाओं तथा तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।संस्था प्रमुख एसबी वराठे के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में वक्ताओं ने प्रतिभागियों को नवाचार को केवल विचार तक सीमित न रखते हुए उसे व्यावहारिक एवं उपयोगी रूप प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समस्याओं की पहचान कर उनके तकनीकी समाधान विकसित करने तथा नए विचारों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में भी मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम के अंत में सुश्री अंशु प्रीति कुजूर व्याख्याता रसायन विभाग ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यशाला के दौरान हुई प्रमुख गतिविधियों एवं विशेषज्ञों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का संक्षिप्त सार प्रस्तुत किया। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की गई जानकारी एवं मार्गदर्शन को उपयोगी बताते हुए नवाचार के क्षेत्र में आगे कार्य करने के प्रति रुचि व्यक्त की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों में रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता, समस्या-समाधान की क्षमता तथा नवाचार एवं उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

↑
Exit mobile version