
धमाके के बाद भड़की आग की लपटों से फैली सनसनी
कई किलोमीटर दूर तक दिखा काले धुएं का गुबार
प्रशासन ने आसपास के इलाके को मुस्तैदी से कराया खाली
केमिकल फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड से दहला इलाका
दिन भर अलर्ट मोड में रहा प्रशासन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के जालबांधा क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह लगभग 11 बजे भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ज्ञात हो कि खैरागढ़ से दुर्ग मुख्य मार्ग पर स्थित इस औद्योगिक इकाई में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया जिसे कई किलोमीटर दूर से साफ देखा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री परिसर से अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी जिसके तुरंत बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि परिसर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील केमिकल पदार्थों का भंडारण था जिसके कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और कई फीट ऊंचाई तक उठती रहीं। धुएं के घने बादलों ने आसपास के गांवों और बस्तियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया जिससे लोग एहतियातन सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।
दमकल की कई गाड़ियां पहुंची मौके पर
आग बुझाने और बचाव कार्य को लेकर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए हालांकि केमिकल पदार्थों के कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बहरहाल राहत एवं बचाव दल विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ स्थिति को नियंत्रित करने में अभी भी जुटा हुआ है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों को खाली कराया गया वहीं आसपास के स्कूलों में तत्काल छुट्टी भी दे दी गई। प्रशासन नागरिकों से घटनास्थल से दूर रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील करता रहा।
घटना के बाद पर्यावरण और स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
इस अग्निकांड के बाद पर्यावरणीय प्रदूषण और जनस्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि केमिकल पदार्थों के जलने से निकलने वाला धुआं श्वसन संबंधी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया गया है और आवश्यकता पड़ने पर मेडिकल टीम तैनात करने की तैयारी की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा अग्निकांड का कारण
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी रासायनिक प्रतिक्रिया की आशंका जताई जा रही है वहीं यह भी बताया जा रहा है कि जिस जगह पर आग लगी है वहां पर वेल्डिंग का कार्य चल रहा था लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें। बहरहाल इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर प्रश्न खड़े किये है और जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता और पर्यावरणीय सुरक्षा की समीक्षा की आवश्यकता पर भी सवाल उठ रहे है।