जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने घोषित किया दो दिवसीय आंदोलन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने संयुक्त रूप से दो दिवसीय आंदोलन की घोषणा की है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में 26 और 27 फरवरी को आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। इस संबंध में संयुक्त मंच के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्व सूचना पत्र सौंप दिया है। संयुक्त मंच के प्रतिनिधियों ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत हालिया बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को प्राथमिकता नहीं दी गई वहीं पिछले वर्ष घोषित राशि में भी इस बार कटौती की गई है। संगठनों का कहना है कि इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंपे गए परंतु सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आने के कारण सामूहिक अवकाश लेकर आंदोलन का निर्णय लिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तथा 27 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक धरना-सभा एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जाएगा। संयुक्त मंच में शामिल प्रमुख पदाधिकारियों में सरिता पाठक (प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ), रुक्मणी सज्जन (प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ), सुधा डोडेकर रात्रे (प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सक्षम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ), हेमा भारती (अध्यक्ष, प्रगतिशील आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ), कल्पना चंद (अध्यक्ष, संघर्षशील आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन छत्तीसगढ़) तथा लता तिवारी (जिला अध्यक्ष, केसीजी) शामिल हैं। आंदोलन की सूचना पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खैरागढ़, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी खैरागढ़ एवं छुईखदान तथा नगर पालिका परिषद खैरागढ़ सहित संबंधित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को प्रेषित की गई है। संयुक्त मंच ने प्रशासन से आंदोलन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Exit mobile version