खैरागढ़ के कुम्ही के पास भीषण दुर्घटना, कार पेड़ से टकराई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के दाऊचौरा-अमलीडीह वार्ड से आगे ग्राम कुम्ही के पास शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि रायपुर से डोंगरगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मोटर साइकिल से टकराई जिसके बाद सड़क किनारे एक पेड़ में जा घुसी। हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए जिला सिविल अस्पताल खैरागढ़ में भर्ती कराया गया। जानकारी अनुसार रायपुर के गंगानगर निवासी संजू सिन्हा (24 वर्ष) अपनी मित्र अंजू साहू (19 वर्ष) के साथ अपनी कार क्रमांक सीजी 04 एचडी 5523 में सवार होकर रायपुर से खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ जा रहे थे तभी शाम करीब 5 बजे ग्राम कुम्ही के पास पहुँचते ही कार के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार तेज थी जिसके कारण वह पहले सड़क किनारे खड़ी एक बाइक से टकराई और अनियंत्रित होकर पास के एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार चालक की ओर का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार का एयरबैग समय पर खुल गया जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। बावजूद इसके कार चला रहे संजू सिन्हा का सिर सामने के शीशे से टकरा गया जिससे उन्हें सिर पर अंदरूनी चोटें आई हैं साथ ही उनके दाहिने पैर में भी गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। बगल की सीट पर बैठी अंजू साहू के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई है। हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने मानवता दिखाते हुए तत्काल 112 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और राहगीरों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल खैरागढ़ पहुँचाया गया। चिकित्सकों द्वारा दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

Exit mobile version