खैरागढ़ की लापता छात्रा की बिलासपुर में हत्या, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले की 14 वर्षीय लापता छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चिचोला गांव की छात्रा देविका वर्मा का शव बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी को तीन आरोपियों ने बहला-फुसलाकर बिलासपुर ले गए और चलती ट्रेन से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दो बालिग और एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार देविका वर्मा 28 मार्च की रात खैरागढ़ के पिपरिया वार्ड स्थित अपने मामा के घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन के बाद 29 मार्च को खैरागढ़ थाने में दोपहर करीब 12 बजे गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी दिन सुबह करीब 10:30 बजे बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात किशोरी का शव मिला था। 31 मार्च को परिजनों द्वारा पहचान किए जाने पर पुष्टि हुई कि शव देविका वर्मा का ही है। इससे स्पष्ट हुआ कि रिपोर्ट दर्ज होने से पहले ही किशोरी की हत्या की जा चुकी थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि तीन आरोपी बालकों ने छात्रा को बहला-फुसलाकर बिलासपुर ले जाया। आरोप है कि आरोपियों ने चलती ट्रेन से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। मामले का मास्टरमाइंड एक बालिग आरोपी बताया जा रहा है जबकि उसका एक सहयोगी भी बालिग है और तीसरा आरोपी नाबालिग है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मृतका कक्षा 8वीं की छात्रा थी और चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता शैलेंद्र वर्मा स्थानीय हाई स्कूल में स्वीपर के रूप में कार्यरत हैं जबकि माता आंगनबाड़ी में रसोइया हैं। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया था कि गांव का एक युवक और उसके दो साथी इस मामले में संलिप्त हो सकते हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी लंबे समय से छात्रा को बहलाकर उसका शोषण कर रहा था हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार दूरस्थ थाना क्षेत्र होने के कारण मामले की जांच चुनौतीपूर्ण थी लेकिन पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में खैरागढ़ पुलिस ने मस्तूरी पुलिस के सहयोग से आरोपियों तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

घटना के विरोध में मंगलवार को चिचोला गांव में लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों को लेकर खैरागढ़ पहुंचने वाली है वहीं देविका के शव को परिजनों को सौंपे जाने के बाद देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

“घटना बेहद गंभीर और संगीन है। हत्या के मामले में तीन आरोपियों को विधि अनुसार हिरासत में लिया गया है। मास्टरमाइंड सहित दो आरोपी बालिग हैं जबकि एक सहयोगी नाबालिग है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

अनिल शर्मा, टीआई खैरागढ़

Exit mobile version