
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ राजपरिवार की बेटी और प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो.मांडवी सिंह को लखनऊ स्थित भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय का कुलपति पुनर्नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें तीन वर्ष के लिए पुनः इस पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इस संबंध में राजभवन से आदेश जारी कर दिया गया है। प्रो.मांडवी सिंह इससे पहले राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की कुलपति भी रह चुकी हैं। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, शोध, प्रशिक्षण और भारतीय शास्त्रीय कलाओं को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। कार्यशालाओं, मास्टरक्लास और व्याख्यानों के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित कलाकारों एवं विशेषज्ञों को विद्यार्थियों से जोड़ा गया। पुनर्नियुक्ति पर प्रो.मांडवी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी चुनौती भी है। आगामी कार्यकाल में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार, भारतीय कला-संस्कृति के संरक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उनकी पुनर्नियुक्ति पर विश्वविद्यालय व राजपरिवार के साथ खैरागढ़ के शिक्षा जगत में भी हर्ष का माहौल है।
