
एक करोड़ खर्च के बावजूद नहीं रुका पानी
निरीक्षण बाद गंदगी व जल प्रबंधन की अव्यवस्था पर उठे सवाल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर की पेयजल व निस्तारी जल व्यवस्था से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण लालपुर स्टॉप डैम की मौजूदा स्थिति को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने डैम का निरीक्षण किया। इस दौरान डैम के सूखे होने, क्षेत्र में फैली गंदगी तथा जल प्रबंधन की अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूर्व में उठाई गई शिकायत के बाद प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त गेटों की मरम्मत कराई गई जो सराहनीय कदम है। इसके लिए सिंचाई विभाग और प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया गया हालांकि डैम में पानी नहीं होने की स्थिति को लेकर नेताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि इससे शहर के कई वार्डों में पेयजल संकट गहराने लगा है।
ऊंचाई बढ़ी लेकिन जलभराव नहीं
निरीक्षण के दौरान डॉ.भारद्वाज ने बताया कि स्टॉप डैम की ऊंचाई बढ़ाने पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए लेकिन इसका अपेक्षित लाभ नगरवासियों को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी की शुरुआत में ही डैम का सूख जाना इस बात का संकेत है कि जल संरक्षण और प्रबंधन की योजना प्रभावी नहीं रही वहीं प्रतिनिधिमंडल ने डैम क्षेत्र में फैली गंदगी पर भी नाराजगी जताई।

नदी किनारे पॉलीथिन, शराब की खाली बोतलो का जमावड़ा
नदी तल में पॉलीथिन, शराब की खाली बोतलें और अन्य अपशिष्ट पाए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने इसे नगरपालिका और संबंधित विभागों की लापरवाही बताया। उनका कहना था कि यदि समय रहते सफाई और जलभराव की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
गैर जिम्मेदाराना रवैय्ये पर उठी जवाबदेही तय करने की मांग
मामले को लेकर पहले से ही मुखर विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि गेट सुधार के बावजूद यदि डैम में जलभराव नहीं हो पा रहा है तो यह प्रशासनिक योजना और निगरानी पर सवाल उठना लाजिमी है। श्री देवांगन ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी जनता को राहत नहीं मिल रही है इसलिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। इस मसले को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन जनहित में जन-आंदोलन करने को बाध्य होगा। निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, सूर्यकांत यादव, पूरन सारथी, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन, रतन सिंगी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।