KCG

खैरागढ़-कवर्धा सड़क चौड़ीकरण को मिली नई उम्मीद, सांसद ने गडकरी के समक्ष रखा प्रस्ताव

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ से कवर्धा मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन की लंबे समय से लंबित मांग को नई उम्मीद मिली है। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (सीआईआरएफ) के अंतर्गत खैरागढ़-कवर्धा मार्ग के चौड़ीकरण एवं उन्नयन का प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने कहा कि सड़क के उन्नयन से क्षेत्र में सुरक्षित और सुगम यातायात के साथ विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बैठक के दौरान सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर धंवई (छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा) से सिमगा तक फोरलेन निर्माण की आवश्यकता भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने बताया कि यह मार्ग छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बढ़ते यातायात दबाव और विशेष रूप से चिल्फी घाटी क्षेत्र में बार-बार लगने वाले जाम को देखते हुए इस मार्ग का फोरलेन निर्माण समय की आवश्यकता बन गया है। सांसद श्री पांडे के अनुसार खैरागढ़-कवर्धा मार्ग के चौड़ीकरण से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा वहीं एनएच-30 के फोरलेन निर्माण से लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुरक्षित और सुगम होगी, माल परिवहन में तेजी आएगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजनाएं क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी। सांसद संतोष पांडे ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दोनों प्रस्तावों पर गंभीरता से चर्चा की और उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति मिलेगी जिससे खैरागढ़ सहित पूरे राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र की आधारभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page