
खिलाड़ियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पीएम श्री सेजेस छुईखदान के केकती बाड़ी ग्राउंड में खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन में युवाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने खेल भावना अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी नवनीत जैन ने खिलाड़ियों एवं युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन आत्मविश्वास नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। नियमित खेल अभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने तथा जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। यह दिन खेलों के महत्व को समझने खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने का अवसर प्रदान करता है।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक भावेश कोचर, पार्षद पन्ना मंडावी, नवीन चंद्राकर, शुभम बिसवाज, रोशन चंद्राकर एवं कमलेश साहू उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन में सहायक खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप, खेलो इंडिया लघु केंद्र के फुटबॉल कोच शितांष गुप्ता सहित ताजू खान, गौरी, नीलू सिंह, जनक साहू, रोहित आंचला, रोशनी रावटे, कुशाल सिंह, निधि साहू, आशीष पटेल, अमित सेन एवं रूपेंद्र साहू की सक्रिय उपस्थिति रही।
खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की पहल
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

