KCG

खाद संकट पर भड़के जिले के प्रभावित किसान, विधायक के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही खैरागढ़ विकासखंड के अनेक गांवों में खाद संकट गहराने लगा है। यूरिया और डीएपी की उपलब्धता नहीं होने से चिंतित किसानों ने मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि बुवाई का समय प्रारंभ हो चुका है लेकिन कई सहकारी समितियों में यूरिया और डीएपी का पर्याप्त भंडारण नहीं होने से खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे खेतों की तैयारी और खरीफ फसलों की बुवाई पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि भोरमपुर सोसायटी के अंतर्गत आने वाले भोरमपुर, जोरातराई, मदनपुर, चिगली और सिंधौरी सहित कुकुरमुड़ा सोसाइटी के अंतर्गत चांदैनी, डुंडा और कुकुरमुड़ा गांवों के किसानों को आवश्यक मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। किसानों ने मांग की कि संबंधित सहकारी समितियों में तत्काल पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी का भंडारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद मिल सके और कृषि कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके।

विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने किसानों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि खरीफ सीजन के दौरान खाद की कमी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों ने उन्हें यूरिया और डीएपी की अनुपलब्धता की जानकारी दी थी जिसके बाद प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा, “किसान हमारे अन्नदाता हैं। खेती के सबसे महत्वपूर्ण दौर में यदि उन्हें खाद के लिए भटकना पड़े तो यह बेहद चिंता का विषय है। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर भोरमपुर और कुकुरमुड़ा क्षेत्र की सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करानी चाहिए ताकि किसानों की बुवाई प्रभावित न हो और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।”

खाद संकट को लेकर क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर यूरिया और डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो खरीफ फसल की उत्पादन क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में अब किसानों की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, संतोष वर्मा, हिमाचल राजपूत, गोलू पाल, डाकेश्वर वर्मा, दिनेश वर्मा, झूलपु वर्मा, खेमराज वर्मा, रामकिशुन वर्मा, मोतीलाल, कौशल, उपेंद्र वर्मा, मीना राम वर्मा, श्याम वर्मा, भारत वर्मा, प्रहलाद वर्मा, जगत वर्मा, गमलेश्वर वर्मा, पुरषोत्तम वर्मा, रामनाथ वर्मा, राजेश वर्मा, नरेश वर्मा, रामकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page