कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू: 29 मार्च को भिलाई कला मंदिर में मुख्यमंत्री का भव्य अभिनंदन, जुटेंगे हजारों कर्मचारी

भिलाई। प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग पूरी होने के बाद अब पूरे राज्य में उत्साह और संतोष का वातावरण है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में 29 मार्च को भिलाई के कला मंदिर में मुख्यमंत्री के अभिनंदन के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शासकीय कर्मचारी शामिल होंगे। इस आयोजन के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने 10 मार्च को मुख्यमंत्री से भेंट कर औपचारिक निमंत्रण दिया था। इस अवसर पर संघ के संस्थापक सदस्य आजू राम सिन्हा, राकेश सिंह, विजय कोचंद्र, लिखेश वर्मा एवं पियूष गुप्ता भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की गई है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का भव्य अभिनंदन किया जाएगा। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से अब कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती उषा चंद्राकार एवं संगठन के संस्थापक सदस्यों ने सभी शासकीय कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल अभिनंदन तक सीमित नहीं है बल्कि कर्मचारियों की एकजुटता, संघर्ष और अधिकारों की जीत का प्रतीक भी है। प्रदेश उपाध्यक्ष आजू राम सिन्हा ने बताया कि अविभाजित राजनांदगांव जिले (केसीजी, एमएमसी) सहित प्रदेश के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक स्वरूप लेगा। उन्होंने सभी से समयबद्ध उपस्थिति, अनुशासन एवं कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया है। उल्लेखनीय है कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा की स्वीकृति से प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके परिजनों को सीधा लाभ मिलेगा जिससे उपचार के दौरान आर्थिक दबाव से काफी हद तक राहत सुनिश्चित होगी।




