KCG

केसीजी जिले में 20,650 महिलाओं के ‘लखपति दीदी’ बनने का प्रशासनिक दावा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला लखपति दीदी अभियान के सफल क्रियान्वयन में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है। जिले ने तीन वर्षों के निर्धारित लक्ष्य से 70.5 प्रतिशत अधिक उपलब्धि हासिल करते हुए 20,650 महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय विभागीय समन्वय समिति की बैठक में अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल सहित कृषि उद्यानिकी पशुपालन मत्स्य पालन जिला उद्योग केंद्र और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के जिला परियोजना प्रबंधक उमेश कुमार तिवारी ने बताया कि वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक जिले को 12,111 लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य मिला था जबकि इसके मुकाबले 20,650 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। यह लक्ष्य से 8,539 अधिक उपलब्धि है। वर्ष 2026-27 में जिले को 9 हजार नई लखपति दीदी तैयार करने का लक्ष्य मिला है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि महिला स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए जिले में 16 सब्जी नर्सरियां संचालित की जा रही हैं। इन नर्सरियों से अब तक लगभग 14 लाख सब्जी पौध तैयार किए जा चुके हैं जिन्हें महिला किसानों को रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे समूहों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि स्वर्ण उपज एफपीओ से जिले के करीब 12 हजार स्व-सहायता समूह सदस्य शेयरधारक के रूप में जुड़े हैं। नाफेड के माध्यम से चना और अरहर जैसी फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को बेहतर लाभ मिल रहा है। वहीं बैंक लिंकेज और रियायती ऋण के जरिए महिलाएं अपने स्वरोजगार का विस्तार कर रही हैं। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंक लिंकेज की राशि का उपयोग अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में भी सब्जी नर्सरियों का विस्तार करने और विभागीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से महिलाओं की आय में और वृद्धि होगी तथा लखपति दीदी अभियान को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page