
धनेली-देवारीभाठ-बढ़ईटोला सड़क के लिए 17 करोड़ स्वीकृत
भीमपुरी-बोरई व बांधटोला-कोहका-झोरी मार्ग भी होंगे पक्के
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। सबसे बड़ी स्वीकृति खैरागढ़ विकासखंड के धनेली से देवारीभाठ व भरदाकला व्हाया बढ़ईटोला मार्ग को मिली है जहां लगभग 10 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क के निर्माण के लिए 17 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं इसके साथ ही जिले के अन्य ग्रामीण मार्गों के निर्माण के लिए भी करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से खराब सड़कों के कारण आवागमन में हो रही परेशानियों को देखते हुए विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। धनेली-देवारीभाठ मार्ग के संबंध में ग्राम पंचायत देवारीभाठ के सरपंच सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से कई बार मांग की थी। इसके बाद उन्होंने शासन एवं लोक निर्माण विभाग के समक्ष लगातार पत्राचार और आवश्यक पहल की। इसके परिणामस्वरूप इस मार्ग के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई। शासन द्वारा स्वीकृत अन्य कार्यों में छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत गर्रा के आश्रित ग्राम बांधटोला-कोहका-झोरी मार्ग (2.80 किलोमीटर) के निर्माण के लिए 4 करोड़ 75 लाख रुपये तथा खैरागढ़ विकासखंड के भीमपुरी से बोरई तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए भी 4 करोड़ 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा लिमो-चिलगुड़ा मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण को भी प्रशासनिक मंजूरी मिली है। इन सड़क निर्माण कार्यों के पूरा होने से धनेली, देवारीभाठ, भरदाकला, बढ़ईटोला, बांधटोला, कोहका, झोरी, भीमपुरी, बोरई, लिमो, चिलगुड़ा सहित आसपास के अनेक गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। किसानों को कृषि उपज के परिवहन में आसानी होगी व विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा वर्षा ऋतु में जर्जर सड़कों और कीचड़ से होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है और भविष्य में भी जिले के विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, सांसद संतोष पांडे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केसीजी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य आगे भी इसी तरह गति पकड़ते रहेंगे।