Uncategorized

केसीजी के वनांचल क्षेत्र में वस्त्रदान अभियान के द्वितीय चरण में 150 परिवारों को मिली राहत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वस्त्रदान समिति छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित वस्त्रदान अभियान के अंतर्गत वनांचल क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। इसी कड़ी में 18 जनवरी रविवार को खैरागढ़ छुईखदान गंडई ब्लॉक के ग्राम खाम्ही एवं हाथीझोला बकरकट्टा वनांचल क्षेत्र में वस्त्र वितरण किया गया जिसमें लगभग 150 परिवार लाभान्वित हुए। अभियान का संचालन वस्त्रदान समिति छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक डॉ. अविनाश तिवारी के मार्गदर्शन में जिला वस्त्रदान समिति खैरागढ़ छुईखदान गंडई द्वारा किया गया। इस दौरान विशेष रूप से बैगा बहुल वनांचल क्षेत्र के अभावग्रस्त एवं स्वाभिमानी परिवारों को नए वस्त्र उपलब्ध कराए गए। वितरण कार्यक्रम में करीब 205 नए कंबल महिलाओं के लिए नई साड़ियाँ, बच्चों के लिए वस्त्र, साथ ही सभी वर्गों के लिए गर्म कपड़े व दैनिक उपयोग के परिधान वितरित किए गए। ठंड के मौसम में यह त्वरित सहायता जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल बनी। समिति सदस्यों ने बताया कि वनांचल क्षेत्रों में वस्त्रों की आवश्यकता क्षेत्र व आयु वर्ग के अनुसार भिन्न होती है जिससे सेवा कार्य में कई व्यावहारिक चुनौतियाँ सामने आती हैं। बावजूद इसके समिति हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सामग्री साथ लेकर पहुँचती है। कई बार क्षेत्र की गंभीर अभाव स्थिति के कारण उपलब्ध सामग्री भी कम पड़ जाती है।

यह सेवा अभियान पूरी तरह जनसहयोग से संचालित है जिसका श्रेय वस्त्र दान करने वाले दानदाता परिवारों और उन समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है जो सामग्री को अंतिम हितग्राही तक पहुँचाने में निरंतर सक्रिय रहते हैं। इस अभियान को सफल बनाने में समिति के सक्रिय सदस्यगण रूपेश कुमार देवांगन, गोविन्द सोनी, जहीन खान, शिल्पी विश्वास, वंदना टांडेकर, नीलम सिंह राजपूत, अमीन खान, उत्तम कुमार बागड़े, शमशूल होदा खान, दिनेश टांडेकर, रूपेंद्र रजक, राजू यदु, राजूदास मानिकपुरी, संजीव धुर्वे, सीमा खान और दादू चंद्राकर का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में जिला संयोजक रूपेश कुमार देवांगन एवं जिला सह संयोजक गोविन्द सोनी ने सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page