
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा अंबेडकर चौक के समीप तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। गुरुवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 20 जून तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों एवं जानकारीपूर्ण प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण कृषि अधोसंरचना डिजिटल तकनीक महिला सशक्तिकरण आवास खाद्य सुरक्षा तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ी उपलब्धियां हैं। प्रदर्शनी में किसानों के लिए संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कृषि विपणन के लिए ई-नाम व्यवस्था तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य संबंधी पहल की जानकारी दी गई है। वहीं रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने और निर्यात क्षमता में हुई वृद्धि को भी प्रदर्शित किया गया है। आगंतुकों को देश में विकसित प्रमुख अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं जैसे चिनाब रेल पुल अटल सेतु राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार और वंदे भारत ट्रेनों से संबंधित जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं इसके साथ ही विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी युवाओं के लिए रोजगार एवं अवसर लखपति दीदी अभियान प्रधानमंत्री आवास योजना और सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के जरिए योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित वीडियो प्रदर्शन किया जा रहा है। जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को जनमन पत्रिका तथा सुशासन संबंधी प्रकाशनों का वितरण भी किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर गिरजा चंद्राकर, अरुणा सिंह बनाफर, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, टिके चंदेल, उमा चौबे, प्रीति यादव, देवीन बाई कोठले, महावीर जैन, गोरेलाल वर्मा, आलोक श्रीवास, कोमल वर्मा, मंजीत सिंह, केशव चंदेल, देवकुमार सेन, रेखचंद वर्मा, आनंद सिंह, नीलिमा राजपूर, यतीश साहू और वंदना टांडेकर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।