
सत्यमेव न्यूज गंडई। जिले के गण्डई थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक वाहन को पकड़कर बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 08 AU 4010 में अवैध रूप से शराब परिवहन किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मानपुर नाका के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की आगे की सीट के नीचे रखे एक लाल बैग से 28 पौवा देशी प्लेन शराब प्रत्येक 180 एमएल बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 5.04 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 2,520 रुपये आंकी गई। मामले में आरोपी अशोक कुमार सिन्हा (45 वर्ष), निवासी ग्राम नर्मदा चकनार को मौके से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने शराब के साथ ही परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,02,520 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
