KCGछत्तीसगढ़

नई सहकारी समितियों के शुभारंभ से किसानों में खुशी, अब गांव में ही मिलेंगी सभी सुविधाएं

सत्यमेव न्यूज साल्हेवारा। छत्तीसगढ़ में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सहसपुर और जामगांव में नई सेवा सहकारी समितियों का शुभारंभ किया गया। इससे क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 15 अप्रैल को रायपुर से प्रदेश की 515 नवीन सेवा सहकारी समितियों का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण स्थानीय स्तर पर किया गया जिसे जनप्रतिनिधियों अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने देखा। सहसपुर समिति में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता सभापति मन्नु मरकाम मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न साहू और प्राधिकृत अधिकारी ललित सोनी ने विधिवत पूजा अर्चना कर समिति भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया।

वहीं जामगांव में जिला पंचायत सदस्य हेमलता मंडावी, महामंत्री महेंद्र यादव और पारासर ठाकरे ने समिति का शुभारंभ किया। जानकारी के अनुसार सहसपुर पहले नचनिया समिति के अंतर्गत आता था जहां 2189 किसान पंजीकृत थे। अब नई व्यवस्था के तहत तीन ग्राम पंचायतों के आठ गांवों के कुल 603 किसान सहसपुर समिति से जुड़े रहेंगे जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुगम सेवाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक तीन पंचायतों में एक नई समिति बनाने का संकल्प अब साकार हो रहा है। इससे किसानों को दूर दराज की समितियों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और भीड़भाड़ से भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक रामदास देवदास, महामंत्री मनोज अग्रवाल, समिति प्रबंधक चालेश्वर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page