
ऑनलाइन क्विज काम्पीटीशन में छात्राओं ने दिखाए जौहर
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के कारणों प्रकारों और उपचार के प्रति जागरूक करना रहा कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ.मेधाविनी तुरे ने विश्व कैंसर दिवस की शुरुआत और इसके महत्व पर संक्षिप्त जानकारी दी। मुख्य वक्ता के रूप में अ. प्राध्यापक सुश्री मैथिली पटेल ने कैंसर के विभिन्न कारणों प्रकारों और उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी छात्राओं को प्रदान की। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन एवं धूम्रपान आनुवंशिक कारण असंतुलित खान पान अनियमित जीवनशैली और पर्यावरणीय कारक कैंसर के प्रमुख कारण हैं साथ ही उन्होंने कार्सिनोमा सारकोमा, ल्यूकेमिया और लिम्फोमा जैसे कैंसर के प्रकारों के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर एवं यूटरस कैंसर के बढ़ते खतरे पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैंसर का उपचार उसकी अवस्था और प्रकार के अनुसार सर्जरी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी तथा रेडिएशन थेरेपी के माध्यम से किया जाता है। छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महाविद्यालय में ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता शैक्षणिक स्टाफ की उपस्थिति एवं निगरानी में संपन्न हुई जिसके माध्यम से छात्राओं में कैंसर संबंधी जानकारी और जागरूकता का विस्तार हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अ. प्राध्यापकगण दुर्वासा सिन्हा, अजय कुमार वर्मा, मानिकचंद बंजारे, वासुदेव साहू, सौरभ साहू, सौम्या गुप्ता, शिखा जोशी, पायल सुधाकर, टिकेश्वरी साहू तथा वर्षा साहू का विशेष सहयोग रहा। अंत में मानिक चंद बंजारे ने उपस्थित सभी स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

