शिक्षा

मुसीबतों से लड़ना सीख रही हैं बेटियां, पीएमश्री स्कूल गंडई में आत्मरक्षा पर हुआ प्रशिक्षण

सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा चलाए जा रहे रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत गंडई के पीएमश्री स्व.लाल मूरत सिंह खुसरो शासकीय अंग्रेजी हिंदी माध्यम विद्यालय में छात्राओं को नियमित रूप से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ छुईखदान गंडई लालजी द्विवेदी के निर्देशानुसार नगर के सरकारी स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उक्त विद्यालय में कक्षा 6वीं से 12वीं तक की छात्राओं को प्रतिदिन एक घंटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ददरया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक खूबचंद साहू द्वारा छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को फेस पंच साइड डिफेंस डॉन किक कोरस डिफेंस सहित गले और हाथों की पकड़ से खुद को सुरक्षित निकालने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। छात्राएं भी पूरे उत्साह और रुचि के साथ इन तकनीकों को सीख रही हैं। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत करना है ताकि वे किसी भी परिस्थिति में खुद की सुरक्षा कर सकें और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। प्रशिक्षण से छात्राओं के भीतर डर और संकोच कम होने के साथ आत्मबल भी बढ़ रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी स्नेह एक्का सहित योगेश्वरी तारम, भुवनेश्वरी साव, रीमा देवांगन, मुकेश यादव, दुर्गेश सेन, यश जंघेल, रोहन दिवाकर, देवचरण पैंकरा, कमल सिंह, रवीश भारती, शिलमन ठाकुर, रविन्द्र साहू एवं विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page