
श्रद्धालुओं संग विधायक यशोदा ने की विधिवत पूजा-अर्चना
रखी गई बहुप्रतीक्षित मंदिर निर्माण की आधारशिला
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ के किल्लापारा क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित कुँवारी पाठ मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ बुधवार को धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हुआ। खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों श्रद्धालुओं तथा जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। इस अवसर पर विधायक श्रीमती वर्मा ने कहा कि कुँवारी पाठ मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और लोगों की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास से सामाजिक समरसता को भी बल मिलता है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ जनभावनाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुविधाजनक तथा आकर्षक बनेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मंदिर निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की कामना की है।
