KCGपॉलिटिक्स

कांग्रेस में जिताऊ और निष्ठावान कार्यकर्ता को मिलेगा टिकट, बैठक में तय हुआ पैमाना

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विधायक निवास में विधायक यशोदा वर्मा की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में वार्ड आरक्षण, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।बैठक में आगामी 7 सितंबर को प्रस्तावित वार्ड आरक्षण को लेकर विशेष चर्चा हुई। नेताओं ने तय किया कि आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद प्रत्येक वार्ड की राजनीतिक परिस्थितियों, दावेदारों की जमीनी पकड़ और जनस्वीकार्यता का आकलन कर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि प्रत्याशी चयन में कार्यकर्ताओं की भावनाओं के साथ दावेदारों की जमीनी स्थिति और चुनाव जीतने की क्षमता को भी ध्यान में रखा जाएगा। पार्टी हित सर्वोपरि है और टिकट ऐसे प्रत्याशी को दिया जाएगा, जो संगठन के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए चुनाव जीतने में सक्षम हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को दूर रखते हुए एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने की अपील की। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नीलांबर वर्मा ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में संगठन की एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण होगी। वार्ड आरक्षण के बाद प्रत्येक वार्ड की स्थिति का आकलन कर सामूहिक चर्चा के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि प्रत्याशी चयन में जमीनी पकड़, जनस्वीकार्यता और संगठन के प्रति सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी घोषित होने के बाद सभी कार्यकर्ताओं को अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में पूरी ताकत से काम करना होगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी होते ही वार्डवार चुनावी तैयारियों को गति दी जाएगी। कांग्रेस का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में संगठन को मजबूत कर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरना है।

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पं.मिहिर झा ने कहा कि टिकट के लिए दावेदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है लेकिन प्रत्याशी घोषित होने के बाद व्यक्तिगत पसंद-नापसंद से ऊपर उठकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को जिताने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव संगठन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक निर्णय के आधार पर लड़ा जाएगा तथा पार्टी हित में लिया गया निर्णय सभी के लिए सर्वोपरि होगा। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने की अपील की। बैठक में पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, गुलाब चोपड़ा, नदीम मेमन, यशेष ठाकुर, मनोहर सेन, पुरन सारथी, किशन रजक, नरेंद्र सेन, रविंद्र सिंह गहरवार, हरि सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में नेताओं ने स्पष्ट किया कि वार्ड आरक्षण के बाद स्थानीय समीकरणों और दावेदारों की स्थिति का आकलन कर कांग्रेस अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगी। बहरहाल तय है कि कांग्रेस का फोकस मजबूत संगठन, सर्वस्वीकार्य चेहरों और जिताऊ प्रत्याशियों के साथ नगर पालिका चुनाव में मजबूती से उतरने पर रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page