KCG

परीक्षा परिणाम में देरी पर एबीवीपी का प्रदर्शन, कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से विद्यार्थियों की बढ़ती परेशानी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार को कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र परिणाम जारी करने की मांग की है। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में तृतीय सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जबकि पूर्व सेमेस्टरों के परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं। इसके चलते विद्यार्थियों को प्रवेश, छात्रवृत्ति सहित अन्य शैक्षणिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एबीवीपी ने ज्ञापन के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया है कि लंबित परीक्षा परिणामों को सात कार्य दिवस के भीतर जारी किया जाए साथ ही परिणामों में विलंब के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा भविष्य में परीक्षा और परिणाम घोषणा के लिए निश्चित समय सीमा निर्धारित करने की मांग भी की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष वर्मा, नगर मंत्री ऋतिक कडरा, नगर कार्यालय मंत्री उत्कर्ष बघेल सहित परिषद के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिषद प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, और जल्द ही विद्यार्थियों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। एबीवीपी ने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार सक्रिय है और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी आवाज उठाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page