
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने विरोध का स्वर तेज कर दिया है। खैरागढ़ शहर कांग्रेस कमेटी ने रविवार से ‘स्मार्ट मीटर हटाओ फॉर्म भरो’ अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत कार्यकर्ता नगर के विभिन्न वार्डों में घर-घर और प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर उपभोक्ताओं से आवेदन पत्र भरवा रहे हैं। इन आवेदनों में स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दरों में कमी करने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने की मांग की जा रही है। अभियान की शुरुआत ईतवारी बाजार क्षेत्र से हुई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि पहले जहां सामान्य उपभोक्ताओं का बिजली बिल कम आता था वहीं अब कई लोगों को पहले की तुलना में कहीं अधिक राशि का भुगतान करना पड़ रहा है। इस दौरान नीलाम्बर वर्मा, कोमल दास साहू, अरुण भारद्वाज, मनराखन देवांगन और दीपक देवांगन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की व्यवस्था से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उनका आरोप है कि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 1 जुलाई से लागू नई बिजली दरों का असर घरेलू, व्यावसायिक, कृषि पंप तथा गैर-सब्सिडी वाले सभी उपभोक्ताओं पर पड़ा है। उनके अनुसार बिजली की प्रति यूनिट दर बढ़ने के साथ ड्यूटी और अन्य शुल्क जुड़ने से उपभोक्ताओं के मासिक बिलों में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। मनराखन देवांगन ने बताया कि यह अभियान खैरागढ़ शहर के सभी 20 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में लोगों से संपर्क कर आवेदन भरवाएंगे और उनकी समस्याएं भी सुनेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने बिजली दरों और स्मार्ट मीटर से जुड़े मुद्दों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। अभियान के दौरान किशन रजक, रिंकू गुप्ता, पूरन सारथी, रविंद्र सिंह गहेरवार, मनोहर सेन, गिरीश सारथी, रतन सिंघी, शिवानंद यादव, हरिदर्शन ढीमर, रानू नियाजी, डोमार सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
