
30 अप्रैल तक जारी रहेगी स्व-गणना प्रक्रिया
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आगामी जनगणना को सुचारु और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्व-गणना सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यालय परिसर में अधिकारियों कर्मचारियों और आम नागरिकों ने डिजिटल माध्यम से स्व-गणना फार्म भरकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का मकसद लोगों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है ताकि जनगणना की प्रक्रिया सरल तेज और पारदर्शी बन सके स्व-गणना के जरिए नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपने परिवार से जुड़ी जानकारी सीधे पोर्टल पर दर्ज कर पा रहे हैं। कलेक्टर ने बताया कि यह प्रक्रिया 30 अप्रैल 2026 तक संचालित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना में भाग लें और सही जानकारी दर्ज करें जिससे जनगणना कार्य बेहतर ढंग से पूरा हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना देश के विकास की एक महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या संसाधनों और आवश्यकताओं से जुड़ी सटीक जानकारी मिलती है जिसके आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की योजनाएं तैयार और लागू की जाती हैं। कलेक्ट्रेट स्तर पर शुरू की गई इस पहल से जिले में डिजिटल जनगणना को बढ़ावा मिल रहा है। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि त्रुटियों की संभावना भी कम होगी। जानकारी के अनुसार 1 मई 2026 से प्रगणक घर घर जाकर सर्वे कार्य शुरू करेंगे जिसमें मकानों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी देकर जिले के समग्र विकास में योगदान दें।