Uncategorized

जिले के सभी ग्राम पंचायतों में मनाया गया रोजगार व आवास दिवस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासन के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की सात तारीख को रोजगार दिवस चावल उत्सव एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में मनरेगा कार्यस्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को रोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को समय पर कार्य निष्पादन एवं मजदूरी भुगतान की जानकारी दी गई। साथ ही मनरेगा से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। नई रोजगार योजना वीबी जीरामजी से संबंधित जानकारी देते हुए पोस्टर भी वितरित किए गए। जमीनी स्तर पर योजनाओं की स्थिति का आकलन करने के लिए जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित जिला व जनपद पंचायत के अधिकारियों ने बैगा बाहुल्य ग्राम समुंदपानी हाथीझोलाकला झिलमिली और संजारी का निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के सुदूर ग्राम हाथीझोलाकला में निर्माणाधीन जनमन एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से चर्चा कर आवास एवं शौचालय निर्माण शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। समुंदपानी में निर्माणाधीन तालाब का निरीक्षण कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों एवं जनप्रतिनिधियों को वीबी जीरामजी रोजगार योजना की जानकारी दी गई वहीं ग्रामीणों ने निजी तालाब डबरी कुआं और शेड निर्माण की मांग रखी जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही। झिलमिली में जनमन सड़क, आंगनबाड़ी भवन और आवास निर्माण कार्यों का अवलोकन किया गया तथा समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने विद्यालय के सामने स्थित नाले पर पुल निर्माण की मांग रखी जिसे संबंधित विभाग तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।
निरीक्षण के अंतिम चरण में मध्यप्रदेश सीमा से लगे ग्राम संजारी का दौरा किया गया। यहां आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा के साथ टांडा नदी पर बन रहे पुल का अवलोकन किया गया। पुल निर्माण पूर्ण होने के बाद बकरकट्टा से लांजी तक आवागमन वर्षभर संभव होने की उम्मीद है जिससे दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले बैगा समुदाय सहित अन्य ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान एसबीएम जिला समन्वयक सलीम खान, मनरेगा पीओ सिद्धार्थ जायसवाल, तकनीकी सहायक, एसबीएम ब्लॉक समन्वयक जितेंद्र टांडेकर, ग्राम पंचायत समुंदपानी व चोभर के जनप्रतिनिधि तथा बैगा समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page