Uncategorized

भारी बारिश की आशंका, किसान फिलहाल रोकें धान की कटाई- कलेक्टर

खैरागढ़। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही चक्रवाती गतिविधियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 29 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले के किसानों से फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है। कृषि विभाग ने भी मौसम आधारित कृषि सलाह जारी कर धान की कटाई फिलहाल स्थगित रखने और कटी फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।*धान की कटाई रोकें, फसल को बारिश से बचाएं*कृषि विभाग के उपसंचालक राजकुमार सोलंकी ने बताया कि जिले में धान की फसल पकने की अवस्था में है। ऐसे में बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को नुकसान हो सकता है। किसानों को आगामी दो से चार दिनों तक मौसम की स्थिति को देखते हुए कटाई टालने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने कटाई कर ली है वे फसल को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा तिरपाल से अच्छी तरह ढकें। खेतों में पानी जमा न हो, इसके लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें।

कृषि विभाग ने सब्जियों की बेलों और फलदार पौधों को सहारा देने तथा खेतों में जलभराव रोकने के उपाय करने की सलाह दी है। बारिश के दौरान कीटनाशकों और कवकनाशकों का छिड़काव न करें। मौसम साफ होने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह से ही आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाएं। गेहूं सहित अन्य रबी फसलों की बुवाई मौसम अनुकूल होने तक स्थगित रखने की सलाह दी गई है।पशुपालक तेज हवा और बारिश के दौरान पशुओं को सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखें। आंधी-तूफान के समय पशुओं को पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे न बांधें तथा चारा और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखें। कलेक्टर श्री चंद्रवाल ने किसानों से मौसम विभाग एवं कृषि विभाग की सलाह का पालन करने और समय रहते जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है ताकि फसलों और पशुधन को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page