KCG

ओवर स्पीडिंग व ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। इस दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण, आवारा पशुओं की समस्या और वर्षाकालीन सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में रात्रिकालीन ओवर स्पीडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।साथ ही जिले में स्पीड डिटेक्शन कैमरे स्थापित करने की दिशा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आम नागरिकों के साथ शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी जागरूक किया जाए। नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा शराब दुकानों के बाहर सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। बरसात के मौसम में आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पशुपालन विभाग को शहरी गौठान स्थापित करने तथा कांजी हाउस और गौधामों की व्यवस्थाएं मजबूत करने कहा गया वहीं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में प्रतियोगिताएं एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता योजना के तहत प्रकरणों के समयबद्ध सत्यापन, हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने तथा ई-डीएआर प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया गया है। वर्षाकाल में सालेवारा घाटी क्षेत्र में संभावित भूस्खलन को देखते हुए संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षात्मक नेट लगाने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रात्रिकालीन जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से नियमित जांच, डीजे वाहनों और ध्वनि विस्तारक यंत्रों द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के पालन के लिए साउंड डेसिबल मीटर के उपयोग पर भी बल दिया गया। बैठक के अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page