KCGअपराध

ऑनलाइन सट्टा एप का सरगना तिल्दा से गिरफ्तार, ‘शिवा बुक’ पैनल चलाकर लेता था कमीशन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केसीजी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छुईखदान थाना पुलिस ने बहुचर्चित ऑनलाइन सट्टा मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण वर्मा (36 वर्ष) निवासी सासाहोली वार्ड-21 तिल्दा (जिला रायपुर) को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शिवा बुक नामक ऑनलाइन सट्टा एप का मुख्य संचालक था और इसके जरिए प्रदेश में ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी राहुल देवांगन से मिली जानकारी के आधार पर तरुण वर्मा की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि राहुल देवांगन ने छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए तरुण वर्मा से शिवा बुक एप का पैनल खरीदा था। इसके बदले तरुण वर्मा को पूरे कारोबार का 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे विभिन्न यूपीआई खातों के माध्यम से अब तक 8 से 10 लाख रुपये तक कमीशन प्राप्त हुआ है।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था। हालांकि उसके कब्जे से बरामद एचपी कंपनी के लैपटॉप की डिजिटल जांच में ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप, भारतीय स्टेट बैंक की पासबुक, एसबीआई का क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड तथा इंडसइंड बैंक का एटीएम कार्ड जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 317(2), 317(4), 318(4), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66(डी) तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 7 और 8 के तहत कार्रवाई की है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page