
केसीजी पुलिस को मिली बड़ी सफलता
बैंक खातों के जरिए 1.86 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला
कमीशन के बदले खाते और एटीएम उपलब्ध कराने का आरोपखैरागढ़। ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में खैरागढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड और दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया और कमीशन के बदले बैंक खाते व एटीएम उपलब्ध कराए। मामले में कुल 1 लाख 86 हजार 600 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज है।पुलिस ने बताया कि ग्राम कुरुभाट निवासी राकेश कुमार भोटे (36) ने 16 अगस्त 2026 को ऑनलाइन धोखाधड़ी की लिखित शिकायत थाना खैरागढ़ में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।जांच के दौरान बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के दमगड़ा निवासी उज्ज्वल सिंह दानू (27) को 17 अक्टूबर को हल्द्वानी से गिरफ्तार किया वहीं नई दिल्ली निवासी सतविंदर सिंह (27) को 18 अक्टूबर को दिल्ली से पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को संबंधित न्यायालयों में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया, जिसके बाद उन्हें खैरागढ़ लाने की कार्रवाई की गई।पुलिस ने आरोपियों से संबंधित बैंक खातों, एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों के संबंध में कार्रवाई की है। मामले में बैंक खातों के जरिए हुए लेन-देन, आरोपियों की भूमिका और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है।