KCG

एसडीएम ने बाजार अतरिया स्कूल का औचक निरीक्षण, विद्यार्थियों को कैरियर व कौशल विकास के दिए सफलता के मंत्र

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) टंकेश्वर प्रसाद साहू ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बाजार अतरिया का करीब दो घंटे तक औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर कैरियर निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और कौशल विकास के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई और ज्ञानवर्धक कार्यों तक सीमित रखने तथा सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेम से दूरी बनाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय भवन, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल मैदान, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं हरित परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर वातावरण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्राचार्य आर.के. वर्मा सहित समस्त शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों ने भी एसडीएम के प्रेरणादायी संवाद को उपयोगी बताते हुए नियमित अध्ययन और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page