
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर स्थित एक एटीएम मशीन में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एटीएम की देखरेख करने वाले प्रार्थी ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई कि 14 अप्रैल 2026 को जब वह उदयपुर स्थित एटीएम मशीन की जांच करने पहुंचा तो मशीन बंद मिली। साथ ही ATM लॉबी की लाइट भी बंद थी और मशीन के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़फोड़ किए जाने के संकेत मिले।आशंका जताई गई कि किसी ने चोरी की नीयत से मशीन को क्षतिग्रस्त किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(e), 62 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर संदेही की तलाश शुरू की गई।तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही चंपालाल जंघेल पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद कर जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपी चंपालाल जंघेल (40 वर्ष), निवासी ग्राम उदयपुर, थाना छुईखदान को 14 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



