KCGपॉलिटिक्स

आसन्न नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर, जीत की रणनीति पर किया मंथन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के आगामी चुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी सिलसिले में जिला भाजपा कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में चुनाव प्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया। बैठक में नगर पालिका चुनाव प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, सहप्रभारी किरण साहू, ओमप्रकाश जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ.बिशेसर साहू और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं के सहयोग से चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अब पूरी तरह चुनावी मोड में आने और सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सहप्रभारी किरण साहू ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव में भाजपा का अध्यक्ष बनाने के साथ ही अधिक से अधिक पार्षदों को जीत दिलाना लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

सहप्रभारी ओमप्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि चुनाव को किसी दबाव के बजाय उत्सव और त्योहार की तरह लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा करने का प्रयास करती है। उन्होंने केंद्र सरकार के फैसलों और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को इसका उदाहरण बताया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि लगभग 22 हजार की आबादी वाले खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने पिछले साढ़े सात वर्षों के कांग्रेस कार्यकाल में नगर पालिका की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से इसमें सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षित अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी और एकजुटता के साथ काम करना होगा। उन्होंने एनीकट, किल्लापारा पुल, इतवारी बाजार के विकास और सड़कों के निर्माण को भाजपा की विकास नीति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव 2023 में प्रदेश में बनी भाजपा सरकार के कामकाज का प्रमाण पत्र साबित होगा। बैठक का संचालन शशांक ताम्रकार ने किया जबकि आभार प्रदर्शन घम्मन साहू ने किया। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता टी.के. चंदेल, दिनेश वर्मा, जैनेंद्र जंघेल, पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, नीलिमा गोस्वामी, जनपद अध्यक्ष डॉ.राजेश्री त्रिपाठी, विकेश गुप्ता, सभापति विनय देवांगन, कृष्णा वर्मा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी, अनिल अग्रवाल, राजेश देवांगन, कमलेश कोठले, ज्योति जंघेल, वंदना टांडेकर, हर्षवर्धन वर्मा, अनीश सिंह, रामाधार रजक, गोरेलाल वर्मा, कीर्ति वर्मा, ऋषि सिंह, डॉ.शैलेंद्र त्रिपाठी, अजय जैन, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page