KCG

आयुष्मान कार्ड अपडेट के नाम पर युवकों ने की ठगी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आयुष्मान कार्ड अपडेट कराने के नाम पर ग्रामीणों से धोखाधड़ी कर अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों को खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने स्वयं को कलेक्टर कार्यालय का अधिकारी बताकर ग्रामीणों से प्रत्येक व्यक्ति से 50 रुपये वसूले जबकि किसी का भी आयुष्मान कार्ड अपडेट नहीं किया गया है। खैरागढ़ पुलिस ने बताया कि अपराध धारा 318(4), 319(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त कंप्यूटर सेट एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में शम्मी सिंह ठाकुर उर्फ मोनू सिंह ठाकुर (35) निवासी भिलाई, शुभलायक सिंह ठाकुर (35) निवासी पटेवा जिला राजनांदगांव तथा गोपी निषाद (35) निवासी पुलगांव जिला दुर्ग शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह लोगों को सरकारी योजनाओं का झांसा देकर ठगी की है या नहीं। खैरागढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना के नाम पर धनराशि मांगने वाले या स्वयं को शासकीय अधिकारी बताने वाले व्यक्तियों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page