आजादी के 79 साल बाद कटेमा गांव बैंकिंग नेटवर्क से जुड़ा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वित्तीय समावेशन की दिशा में प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत ग्राम कटेमा में बैंकिंग सेवाओं की शुरुआत कर दी गई है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस पहल से ग्रामीणों को अब बैंकिंग कार्यों के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। ग्राम कटेमा में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक शाखा पांडादाह के बैंकिंग करेस्पॉन्डेंस राजेश मच्छिया द्वारा गांव में ही बैंकिंग लेनदेन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही ग्राम कटेमा औपचारिक रूप से बैंकिंग नेटवर्क से जुड़ गया है। बैंकिंग करेस्पॉन्डेंस के माध्यम से ग्रामीणों को नकद जमा एवं निकासी खाते की शेष राशि की जानकारी आधार सक्षम भुगतान प्रणाली AEPS के जरिए लेनदेन पेंशन वितरण मनरेगा मजदूरी भुगतान तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि निकालने जैसी सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं। सेवा शुरू होते ही ग्रामीणों ने मौके पर लेनदेन कर इसका लाभ उठाया। अब तक बैंकिंग कार्यों के लिए ग्रामीणों को दूरस्थ क्षेत्रों तक जाना पड़ता था जिससे समय और अतिरिक्त खर्च दोनों लगते थे। गांव में ही सुविधा मिलने से विशेष रूप से बुजुर्गों महिलाओं और दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी। साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने से शासकीय योजनाओं की राशि हितग्राहियों तक सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच सकेगी। प्रशासन द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस सुविधा के शुरू होने पर ग्रामवासियों ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

Exit mobile version