आंगन मिलन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व मितानिनों का सम्मान

बाजार अतरिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम अछोली के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत खैरागढ़ की सभापति श्रीमती दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता एवं ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती नीता कपिल वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया। अतिथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण स्तर पर बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभापति श्रीमती दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चे ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनें शासन की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए शासन के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है।महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती रंजना श्रीवास्तव ने विभागीय योजनाओं एवं सुपोषण अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को सुपोषण, स्वच्छता एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद छत्तीसगढ़ सरकार के ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मुख्य अतिथि श्रीमती दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता ने मुनगा के पौधे का रोपण किया। उन्होंने मुनगा को पोषण की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए प्रत्येक घर एवं आंगनबाड़ी परिसर में मुनगा के पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती नीता कपिल वर्मा, सुपरवाइजर श्रीमती निषाद, पंचायत सचिव जागेश्वरी वर्मा, सिलोचनी, मितानिन रोहिणी वर्मा, पंच रुक्मणी एवं सरस्वती वर्मा, भुवनेश्वरी साहू, एएनएम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version