KCGछत्तीसगढ़

आवास निर्माण में तेजी लाकर ग्रामीण विकास पर प्रशासन का फोकस

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने ग्राम पंचायत बीरूटोला का दौरा किया। यहां उन्होंने विशेष परियोजना अंतर्गत नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए बन रहे आवासों का निरीक्षण किया। हितग्राही राजीम धुर्वे और समारीन बाई के छत स्तर तक पहुंचे निर्माण कार्य को देखकर अधिकारियों को जल्द से जल्द पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी प्रकाशचंद तारम, जिला समन्वयक पीएमएवाई-जी राजेश साहू सहित तकनीकी अमला मौजूद रहे। अधिकारियों ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया साथ ही स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका बढ़ाने और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने की सलाह दी गई ताकि ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। इसके बाद ग्राम पंचायत समुंदपानी के आश्रित ग्राम निजामडीह में आयोजित बैठक में ग्रामीणों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सीसी रोड निर्माण प्रमुख मांग के रूप में सामने आई जिस पर तकनीकी सहायक को जल्द प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने सड़क और बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। इस दौरान युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण जैसे राजमिस्त्री, आधुनिक खेती और पशुपालन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण क्रम में प्रशासनिक टीम ने निजामडीह के पास स्थित रायजीला झरना (झिरिया) का भी अवलोकन किया जिसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की जा रही है। ग्रामीणों ने यहां बुनियादी सुविधाओं जैसे सामुदायिक भवन, ज्योति विसर्जन कुंड, पेयजल और विद्युत व्यवस्था की आवश्यकता बताई। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि क्षेत्रीय विकास से जुड़ी मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page