अपराधों के रोकथाम के लिए बीते साल चुस्त रही जिला पुलिस

नये वर्ष में गिनाई गत वर्ष की उपलब्धियां
पत्रवार्ता में बताया अपराधिक प्रकरणों में आयी कमी
2024 में की गई बड़ी कार्यवाही को पत्रकारों के समक्ष रखा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नववर्ष के अवसर पर बुधवार 01 जनवरी 2025 को जिला पुलिस ने पत्रवार्ता का आयोजन कर बीते वर्ष की उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान एसपी त्रिलोक बंसल (आईएएस) व एएसपी नितेश कुमार गौतम सहित अधिकारियों ने पत्रकारों को बीते वर्ष 2024 में की गई बड़ी कार्यवाही की जानकारी दी और बताया कि अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष अपराध के प्रकरणों में कमी आयी है।
गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ जिला पुलिस का जन जागरूकता अभियान
एसपी त्रिलोक बंसल ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा 6 फरवरी 2024 से संचालित समर्थ अभियान के तहत जिले के 821 जागरूकता अभियान चलाकर 1 लाख 38 हजार 155 लोगों को सायबर अपराध के संबंध में जागरूक किया वहीं 4 सितंबर को कुल 218 से अधिक स्थानों में एक साथ अभियान चलाकर 32 हजार 946 लोगों को जागरूक किया गया जिसे गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया है।
नकली शराब बनाने वाले अंतर-राज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
एसपी श्री बंसल ने बताया कि इसी तर्ज पर नकली शराब निर्माण पर कार्यवाही करते हुये एक प्रकरण में 4 लाख 90 हजार तथा दूसरे प्रकरण में 80 हजार का नकली शराब सहित अन्य सामग्री जप्त कर इंटर स्टेट गिरोह का पर्दाफाश किया गया। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष 3 गुना अधिक कार्यवाही की गई। इस दौरान कुल 246 नग मवेशी कीमत 6 लाख 3 हजार को जप्त कर गौशाला भेजा गया वहीं प्रकरणों में 4 वाहनों को भी जप्त किया गया है।
नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने हुये सार्थक प्रयास
वार्ता में एसपी श्री बंसल ने बताया कि नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने नवीन कैंप कटेमा, बगारझोला की स्थापना की गई है। लगातार उत्कृष्ट प्रयास से नक्सली समस्याओं में कमी आई है। जिले में संचालित महिला सेल को वर्ष 2024 में 185 शिकायतें प्राप्त हुई थी जिसमें से 121 में समझौता, 12 में एफआईआर तथा 40 प्रकरणों में न्यायालय की शरण में जाने राय दी गई। यातायात का उल्लंघन करने वालों पर कार्यवाही करते हुये न्यायालय के आदेश पर लगभग 30 लाख 50 हजार रूपये का समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही करते हुये 90 प्रकरण में न्यायालय के आदेश पर लगभग 7 लाख का अर्थदंड वसूला गया। महिला संबंधी अपराध में गतवर्ष की तुलना में कमी आयी है। वर्ष 2024 में गुमशुदा 4 बालकों तथा 46 नाबालिगों की पतासाजी कर उन्हें परिजनों को सुपुर्द किया जा चुका है वहीं मामले में विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है। नारकोटिक्स प्रकरण की कार्यवाही में वृद्धि हुई है जिसके तहत लगभग 1 लाख 10 हजार का गांजा तथा 701 नग टेबलेट एवं 04 वाहन जप्त की गई है। जुआ एवं ऑनलाईन सट्टा प्रकरणो में भी वृद्धि हुई है जिसके तहत 20 लाख रू. ऑनलाईन सट्टा का पर्दाफाश कर नगद 37 हजार रूपये जप्त की गई। इसके अलावा जिला पुलिस के द्वारा सर्वाधिक सड़क दुर्घटना वाले 03 ब्लैक स्पॉट की पहचान कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है। वर्ष 2024 में कुल 510 सदरी एवं लोकल शिकायतें प्राप्त हुई थी जिनमें से 471 शिकायतों का निराकरण किया गया। वर्ष 2025 में नवीन जिला केसीजी में पुलिस अधोसंरचना को गति देते हुये पुलिस लाईन, ऑफिसर्स मेस, कंट्रोल रूम, महिला थाना व नक्सल/सायबर सेल का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जायेगा।