Uncategorized

अपमान और संदेह ने ली बुजुर्ग की जान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/ठेलकाडीह। छत्तीसगढ़ के नवनिर्मित जिले खैरागढ़ छुईखदान गंडई केसीजी अंतर्गत थाना ठेलकाडीह पुलिस ने ग्राम गहिरा-गोपालपुर में हुए बुजुर्ग लेडगूराम वर्मा हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी वीरेंद्र कुमार वर्मा (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लंबे समय से चले आ रहे कथित अपमान और परिवार की एक महिला के प्रति मृतक की नीयत को लेकर उपजे संदेह के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।

जानकारी के अनुसार 26 फरवरी 2026 की रात ग्राम गहिरा-गोपालपुर में 85 वर्षीय लेडगूराम वर्मा अपने घर में सो रहे थे। अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे उनका शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलते ही ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड तथा एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल की प्रारंभिक स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि अज्ञात चोर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए क्योंकि घर की खिड़की टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।

हालांकि बारीकी से निरीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को चोरी की कहानी संदिग्ध लगी। पूछताछ के दौरान ग्रामीणों से मिली जानकारी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेह मृतक के पड़ोसी वीरेंद्र कुमार वर्मा पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां वह अधिक देर तक सच छिपा नहीं सका और अंततः अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि मृतक अक्सर उसके घर आता-जाता था और खेती-किसानी तथा घरेलू कामकाज को लेकर उसे सबके सामने अपमानित करता था। साथ ही उसे यह भी संदेह था कि मृतक उसके परिवार की एक महिला के प्रति अनुचित व्यवहार करता है। इन्हीं कारणों से वह भीतर ही भीतर आक्रोशित था और बदला लेने की ठान चुका था।

पुलिस के अनुसार 26 फरवरी की रात लगभग 11 बजे आरोपी कुल्हाड़ी (टंगिया) लेकर मृतक के घर पहुंचा और सोते समय उसके सिर पर तीन वार किए। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने घर की पिछली खिड़की तोड़ दी और अलमारी में तोड़फोड़ कर चोरी जैसा माहौल बना दिया ताकि घटना डकैती या लूट के दौरान हुई हत्या प्रतीत हो।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से कपड़ों को तालाब किनारे कीचड़ में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 3 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले का त्वरित खुलासा करने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद गांव में जहां शोक और आक्रोश का माहौल है वहीं पुलिस की तत्परता से लोगों में कानून व्यवस्था के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page