KCG

14 जून को ऑनलाइन योग सत्र में बनेगा विश्व रिकॉर्ड? प्रयास में जुटा प्रशासन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग रखी गई है जिसके माध्यम से स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक देशव्यापी ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों विद्यार्थियों कर्मचारियों सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आग्रह किया है। जनसहभागिता बढ़ाने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विभागों एवं संस्थानों को अधिकाधिक लोगों का पंजीयन कराने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। इधर 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए आयुष मंत्रालय ने yoga.ayush.gov.in शुरू किया है। पोर्टल पर शासकीय कार्यालय शिक्षण संस्थान नगरीय एवं ग्रामीण निकाय सार्वजनिक उपक्रम योग संस्थाएं तथा सामाजिक संगठन अपने कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकेंगे। आयोजन के बाद संबंधित संस्थाओं को कार्यक्रम का विवरण और छायाचित्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। प्रशासन का कहना है कि योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page