अटल आवास कॉलोनी में 12 दिनों से पेयजल संकट, जलापूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर वार्डवासियों ने किया प्रदर्शन

खैरागढ़। वार्ड क्रमांक 20 स्थित अटल आवास कॉलोनी में पिछले 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से रहवासी गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से नलों में पानी नहीं आने के कारण लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है वहीं नगर पालिका द्वारा टैंकरों के माध्यम से की जा रही वैकल्पिक जलापूर्ति को भी अपर्याप्त और अनियमित बताते हुए वार्डवासियों ने नगर पालिका पहुंचकर प्रदर्शन किया और व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा नंद चंद्राकर को आवेदन सौंपकर पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने की मांग की गई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पंप हाउस की मशीन खराब होने के कारण जलापूर्ति बाधित है। इसके चलते कॉलोनी के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हैं राजू यदु ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से चर्चा करते हुए तत्काल पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

वार्डवासियों का कहना है कि नगर पालिका की ओर से टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की गई है लेकिन टैंकरों के आने का कोई निश्चित समय नहीं है। साथ ही उपलब्ध पानी पूरी कॉलोनी की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को इस तरह परेशान होना पड़ रहा है जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।

पानी की किल्लत का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और कामकाजी परिवारों पर पड़ रहा है। सुबह के समय घरों में पानी उपलब्ध नहीं होने से खाना बनाने, साफ-सफाई और अन्य घरेलू कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं वहीं अभिभावकों को बच्चों को समय पर तैयार कर स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही है। वार्डवासियों ने इसे आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी गंभीर समस्या बताते हुए शीघ्र निराकरण की आवश्यकता जताई है।

आवेदन में पंप हाउस की खराब मशीन को युद्धस्तर पर दुरुस्त कर नियमित नल जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने तक टैंकरों के फेरे बढ़ाने, पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने और वितरण का निश्चित समय निर्धारित करने पर जोर दिया गया है। वार्डवासियों ने जल विभाग में मशीनों एवं तकनीकी संसाधनों की मरम्मत और रखरखाव के लिए वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध (एएमसी) नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने इस संबंध में जिम्मेदारी तय कर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

राजू यदु की अगुआई में वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, चक्काजाम सहित आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन अटल आवास कॉलोनी के रहवासियों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए कितनी शीघ्रता से कदम उठाता है।

↑
Exit mobile version