KCGछत्तीसगढ़

खैरागढ़ की वनांचल में विकास की नई रोशनी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों से वनांचल क्षेत्र के ग्राम कटेमा ने विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ‘पीएम-जगुआ योजना’ के तहत आजादी के बाद पहली बार इस सुदूर वनांचल गांव को मुख्य विद्युत ग्रिड से जोड़ दिया गया है। वर्षों से लालटेन और ढिबरी के सहारे जीवन बिताने वाले 27 परिवारों के घरों में जैसे ही पहली बार बिजली पहुंची पूरे गांव में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के लिए यह पल किसी उत्सव से कम नहीं था। घरों में जलते बल्बों की रोशनी ने लंबे इंतजार के बाद विकास की नई उम्मीद जगाई है।

इस महत्वपूर्ण विद्युतीकरण कार्य के तहत विद्युत विभाग ने कठिन वनांचल क्षेत्र में लगभग 12 किलोमीटर लंबी 11 केवी विद्युत लाइन और करीब 1 किलोमीटर लंबी निम्नदाब लाइन का विस्तार किया साथ ही ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया।

यह परियोजना कलेक्टर इंद्रजीत चन्द्रवाल एवं सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर के विशेष मार्गदर्शन में पूरी की गई। कार्यपालक निदेशक श्री शैलेट तथा अधीक्षण अभियंता श्री कंवर के नेतृत्व में परियोजना को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया। विशेष रूप से खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे के सतत निरीक्षण और सक्रिय पर्यवेक्षण से दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद तकनीकी चुनौतियों को पार करते हुए कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली सुविधा मिलने से अब गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा वहीं ग्रामीणों को रात्रिकालीन कार्यों में भी सुविधा होगी। कटेमा गांव के लाभार्थियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page