8 साल से अधूरा अतिरिक्त कक्ष, तीन सरपंच बदले पर नहीं पूरा हुआ स्कूल भवन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम पंचायत दपका के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में वर्ष 2018-19 में 6.45 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत अतिरिक्त कक्ष का निर्माण आठ वर्ष बाद भी अधूरा पड़ा है। छज्जा स्तर तक पहुंचने के बाद निर्माण कार्य बंद हो गया। अब भवन झाड़ियों से घिरकर जर्जर होने लगा है, जबकि विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षा का लाभ अब तक नहीं मिल सका है। निर्माण कार्य तत्कालीन सरपंच कुंती देवांगन के कार्यकाल में शुरू हुआ था। उनका कहना है कि स्वीकृत राशि से अधिक कार्य कराया गया लेकिन मूल्यांकन के अनुरूप भुगतान नहीं मिला। इसके बाद वर्ष 2020 से 2025 तक सरपंच रहीं सुनीता साहू के कार्यकाल में भी निर्माण पूरा नहीं हो सका। वर्तमान सरपंच केसरी नेताम के कार्यकाल में भी अधूरे भवन को पूरा कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लगातार तीन पंचायत कार्यकाल गुजरने के बावजूद निर्माण अधूरा रहने से पंचायत, जनपद पंचायत और निर्माण की निगरानी करने वाले तकनीकी अमले की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी भवन उपयोग में नहीं आ सका है। ग्रामीणों ने मामले की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई, आवश्यकतानुसार राशि की वसूली तथा अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

मामले की पूरी जानकारी लेकर जांच कराई जाएगी।”
हिमांशु गुप्ता, सीईओ, जनपद पंचायत खैरागढ़

Exit mobile version