6 दिन चली गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में विगत दिनों से जारी गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ.
लवली शर्मा द्वारा कर्मचारी संघ की 13 में से 9 प्रमुख मांगों को स्वीकृति दिए जाने और शेष 4 मांगों को शासन स्तर पर पूरा कराने का भरोसा दिए जाने के बाद संघ ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। गौरतलब है कि कर्मचारी संघ ने 10 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की थी जो कि 17 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल में तब्दील हो गया था। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, समान वेतनमान, हड़ताल अवधि को निरंक मानते हुए वेतन भुगतान सहित अन्य सेवा संबंधी मुद्दे शामिल थे। सोमवार 22 जुलाई को कुलपति लवली शर्मा स्वयं हड़ताल स्थल पहुंचीं और कर्मचारियों से संवाद करते हुए 9 मांगों को विश्वविद्यालय स्तर पर तुरंत लागू करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने शेष 4 मांगों को राज्य शासन के समक्ष रखने और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। हड़ताल के समाप्त होने पर कर्मचारियों ने कुलपति व कुलसचिव को गुलदस्ता भेंट कर आभार प्रकट किया। इस अवसर पर जिला कर्मचारी संघ अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह ने कहा, “हम कुलपति के इस सकारात्मक निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य में विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने व विकास में पूर्ण सहयोग का वादा करते हैं। कर्मचारी संघ के आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान को लेकर शिक्षकों, छात्रों और प्रशासन के बीच भी संतोष का वातावरण देखा गया।

Exit mobile version