35 हजार की रिश्वत लेते अतिरिक्त तहसीलदार व पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज जांजगीर चांपा। जिले के पामगढ़ तहसील में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारी चोरभट्टी धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से रिश्वत ले रहे थे। एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया और फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के अनुसार पामगढ़ तहसील में अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर पदस्थ हैं और इसी तहसील में पटवारी आयुष ध्रुव भी कार्यरत है। पामगढ़ ब्लॉक के चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के भौतिक सत्यापन और टोकन कटिंग की जांच के दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा मनमाफिक रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। इस संबंध में उपार्जन केंद्र के प्रभारी ने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत आज एसीबी की टीम पामगढ़ तहसील कार्यालय पहुंची। जैसे ही अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव ने प्रार्थी से 35 हजार रुपए की रिश्वत ली प्रार्थी के इशारे पर पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी टीम ने दोनों आरोपियों के पास से वही नोट बरामद किए जिनकी सीरीज पूर्व में प्रार्थी को दी गई थी। साथ ही केमिकल लगे नोटों के संपर्क में आने से हाथ धुलवाने पर दोनों के हाथ रंगे पाए गए जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। एसीबी दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version