30 लाख की लागत से ईतवारी बाजार में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका परिषद खैरागढ़ के वार्ड क्र.11 स्थित ईतवारी बाजार के रावांभाठा क्षेत्र में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का गुरुवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही कीचड़ और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष घम्मन साहू तथा नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चन्द्राकर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि सीसी रोड निर्माण से वार्डवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियां दूर होंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा क्युरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान वार्ड पार्षद रूपेंद्र रजक के आग्रह पर विक्रांत सिंह ने क्षेत्र में नवनिर्मित शौचालय का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता टी.के. चन्देल, नंद कुमार चन्द्राकर, विकेश गुप्ता, चन्द्रशेखर यादव, कमलेश कोठले, संजय शर्मा, नीलिमा गोस्वामी, डेविन बाई कोठले, शैलेन्द्र वर्मा, चन्दन गिरी, मुकेश वर्मा, नीलिमा राजपूत, अयूब सोलंकी, ऋषि सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version