
1 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं होने पर 2 से 4 जुलाई तक प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 3 दिवसीय चरणबद्ध हड़ताल पर जाने की सूचना सौंप दी है। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि 1 जुलाई 2026 तक उनकी लंबित मांगों पर राज्य सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो 2 एवं 3 जुलाई को जिला एवं जनपद स्तर पर तथा 4 जुलाई को रायपुर में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन एवं रैली आयोजित की जाएगी। महासंघ ने अपनी प्रमुख मांगों में समस्त मनरेगा एवं वीबीजी-रामजी कर्मचारियों का नियमितीकरण, नियमितीकरण तक मानव संसाधन (एचआर) नीति के माध्यम से सेवा एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा ग्राम रोजगार सहायकों का संविदा करते हुए ग्रेड-पे निर्धारण किए जाने की मांग रखी है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष उपेन्द्र वर्मा, जिला सचिव एल.एन. सोनी, जिला कोषाध्यक्ष प्रेमचंद साहू के साथ हेमंत मेश्राम, खगेश्वर धुर्वे, स्वीटी वाल्देकर, विकास सहित मनरेगा कर्मचारी संघ के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हड़ताल को लेकर महासंघ ने कहा कि मांगों पर समय रहते निर्णय नहीं होने की स्थिति में प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।