
विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
पंचायत के अधूरे काम होंगे पूरे
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। लंबे समय से प्रतीक्षित 15वें वित्त आयोग की राशि आखिरकार जारी कर दी गई है जिससे जनपद पंचायत खैरागढ़ को लाखों रुपये की महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है। राशि जारी होने के साथ ही जनपद क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार हुआ है। जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन ने जनपद पंचायत की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग की राशि जारी की है जो क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। राजेश्री ने बताया कि वर्तमान चरण में यह राशि केवल जनपद पंचायत खैरागढ़ को प्राप्त हुई है। ग्राम पंचायतों अथवा अन्य स्थानीय निकायों को फिलहाल कोई आवंटन नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राशि का उपयोग जनपद क्षेत्र में लंबे समय से लंबित और अधूरे पड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण कई आवश्यक जनहित कार्य रुके हुए थे जिन्हें अब शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदम ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रहे हैं। जनपद अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पंचायतों को लगातार मजबूती मिल रही है और 15वें वित्त आयोग की इस राशि से न केवल जनपद पंचायत खैरागढ़ को आर्थिक संबल मिलेगा बल्कि आम जनता को भी विकास का प्रत्यक्ष लाभ देखने को मिलेगा।