
नशे की हालत में घर में घुसे आरोपियों ने महिला पर चाकू व डंडों से किया हमला, बचाने आई बेटी से भी मारपीट
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व के बीच केसीजी जिले के गातापार थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा में एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट तथा अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सांकरा निवासी सिलोचना वर्मा (33 वर्ष) ने थाना गातापार में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 4 मार्च 2026 की शाम लगभग 7 बजे वह अपने घर में संचालित किराना दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान गांव के मनोज वर्मा, पंकज वर्मा और राजू वर्मा नशे की हालत में जबरन उसके घर में घुस आए और विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता के अनुसार तीनों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान मनोज वर्मा के हाथ में चाकू था, जिससे किए गए वार में महिला के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई। इसके अलावा आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से भी हमला किया, जिससे महिला के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।
मां को बचाने पहुंची बेटी से भी मारपीट
घटना के दौरान जब पीड़िता की बड़ी बेटी अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि उसे कमरे की ओर घसीटते हुए ले जाया गया और इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए, जिससे उसकी गरिमा को ठेस पहुंची।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने मनोज वर्मा, पंकज वर्मा और राजू वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 333 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एसपी से मिले ग्रामीण
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्राम सांकरा के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि द्वारका वर्मा, पंकज वर्मा, राजू वर्मा, कमलेश वर्मा (गाड़ाघाट), दिलीप वर्मा, धनेश वर्मा, बंशीलाल वर्मा, कामता प्रसाद और कमलेश भदौरिया सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एसपी से कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस पर एसपी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की विधिवत जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।