हिंदी दिवस पर कन्या महाविद्यालय में हुये विविध आयोजन

सत्यमेव न्यूज के लिए आकाश तिवारी खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय में हिंदी दिवस समारोह गरिमामय आयोजन के बीच उत्साह पूर्वक मनाया गया। प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता के निर्देशन में हिंदी भाषा की महत्ता, रोजगार की संभावनाएं तथा बदलते परिवेश में तकनीकी चुनौतियों पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई इसके पश्चात विषय विशेषज्ञों ने हिंदी की बढ़ती प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा ही नहीं बल्कि रोजगार, साहित्य, संस्कृति और तकनीकी क्षेत्रों में भी उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही है साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि डिजिटल युग में हिंदी को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाने की आवश्यकता है। छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सामान्य अध्ययन, खेल जगत तथा हिंदी भाषा पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता को तीन समूहों में विभाजित किया गया। इसमें बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि बी.एस.सी. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में अतिथि प्राध्यापक दुर्वासा सिंहा ने छात्राओं के साथ अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं बल्कि जीवन निर्माण की आधारशिला है। आयोजन का संचालन हिंदी विभाग की डॉ.मेधाविनी तुरे ने किया तथा आभार प्रदर्शन अजय वर्मा द्वारा किया गया। प्राचार्य डॉ.गुप्ता ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी छात्राओं एवं प्राध्यापकों को शुभकामनाएं दी।

Exit mobile version